



नवगछिया। नवगछिया पुलिस जिला के भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नारायणपुर के बलहा गांव में रविवार को ताजिया जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। घटना के दौरान जमकर लाठी-डंडे चले और पत्थरबाजी भी हुई। इस मारपीट में करीब 24 लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि एक युवक मस्जिद की छत पर चढ़कर भीड़ पर पत्थर फेंक रहा है, जबकि नीचे दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर लाठी-डंडे से हमला कर रहे हैं। लगभग 30 मिनट तक इलाके में तनाव का माहौल बना रहा।
घटना के संबंध में बताया गया कि एक पक्ष ताजिया जुलूस निकाल रहा था, जबकि दूसरा पक्ष इसमें शामिल होने की बात कह रहा था। पहले पक्ष ने इसका विरोध करते हुए कहा था कि वे अलग जुलूस निकालेंगे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि दूसरे पक्ष ने पहले से ही मस्जिद की छत पर ईंट-पत्थर जमा कर रखे थे और जैसे ही जुलूस वहां पहुंची, हमला कर दिया गया।

मौके पर पहुंची भवानीपुर थाना पुलिस स्थिति को नियंत्रित नहीं कर सकी, जिसके बाद नवगछिया के नदी थाना की पुलिस, डीएसपी ओमप्रकाश, बीडीओ और सीओ भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।
इस संबंध में एक पक्ष के अरुण रश्मि ने बताया कि वे लोग शांतिपूर्वक ताजिया जुलूस निकाल रहे थे, लेकिन जैसे ही मस्जिद ए बिलाल के पास पहुंचे, पहले से छत पर तैयार बैठे लोगों ने उन पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। यह हमला पूर्व नियोजित लग रहा था, क्योंकि ईंट-पत्थर पहले से छत पर जमा कर रखे गए थे। उन्होंने कहा कि पुलिस को इस घटना की जानकारी दे दी गई है और लिखित आवेदन भी सौंपा गया है।
घटना को लेकर भवानीपुर थाना अध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है, जिसमें कई लोग घायल हुए हैं। अधिकांश को आंशिक चोटें आई हैं। अभी तक दोनों पक्षों की ओर से आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन पुलिस अपने स्तर से प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल गांव में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है और स्थिति नियंत्रण में है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।













