



खगड़िया के महेंद्र शर्मा की घटनास्थल पर ही गई जान, शव की हुई शिनाख्त
नवगछिया : कटिहार-बरौनी रेलखंड के नारायणपुर रेलवे स्टेशन के पश्चिम पोल संख्या 81/28/29 के बीच सोमवार तड़के करीब 3 बजे अज्ञात ट्रेन की चपेट में आने से एक 68 वर्षीय वृद्ध की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान खगड़िया जिले के पसराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटी पैकांत निवासी महेंद्र शर्मा, पिता स्वर्गीय गाढ़ो शर्मा के रूप में की गई है।

सूचना मिलते ही बिहपुर रेल जीआरपी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक के पास से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान की गई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।

मृतक के भतीजे श्याम कुमार शर्मा ने बताया कि महेंद्र शर्मा सत्संग व भजन-कीर्तन में सक्रिय थे और अक्सर गांव-गांव घूमकर भाग लेते थे। रविवार की शाम भी वह किसी सत्संग कार्यक्रम में शामिल होने की बात कहकर घर से निकले थे। रात भर घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन सोमवार सुबह उनकी मौत की खबर मिली।
बिहपुर रेल जीआरपी थानाध्यक्ष सुदामा पासवान ने बताया कि अज्ञात ट्रेन की चपेट में आकर वृद्ध की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक के भतीजे श्याम कुमार शर्मा (पिता राजकुमार शर्मा) के बयान पर यूडी (अज्ञात मृत्यु) केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।













