



भागलपुर जिले के नाथनगर प्रखंड स्थित लालूचक मोहल्ला इस समय भीषण बाढ़ की चपेट में है। गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण पूरा क्षेत्र जलमग्न हो चुका है। हालात इतने भयावह हो गए हैं कि स्थानीय ग्रामीण अपने घरों को छोड़कर महाशय ड्यौरी में शरण लेने को मजबूर हैं।

बाढ़ से उपजे इस संकट के बीच रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। जब कुछ लोग अपने घरों से ज़रूरी सामान निकालने के लिए पानी में उतरे, तभी बाढ़ के पानी में छिपे एक मगरमच्छ ने उन पर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में पाँच लोग घायल हो गए।
घायलों को तुरंत स्थानीय निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जहां चार घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है। जबकि एक बच्चे की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है।

इस अप्रत्याशित हमले के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ के पानी के साथ जंगली जानवरों का घुस आना अब जानलेवा साबित हो रहा है। प्रशासन से मदद और सुरक्षा की गुहार लगाई जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
बाढ़ से बेहाल लोग अब डरे-सहमे हुए हैं और किसी तरह सुरक्षित स्थानों पर रहने की कोशिश कर रहे हैं। बच्चों और बुजुर्गों को लेकर विशेष चिंता बनी हुई है।













