



भागलपुर । शनिवार सुबह नाथनगर थाना क्षेत्र के मखदूम साह घाट पर एक अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। नदी किनारे शौच के लिए गए स्थानीय लोगों की नजर सबसे पहले शव पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही नाथनगर इंस्पेक्टर राजीव रंजन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पानी से बाहर निकलवाया। कुछ ही देर में एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम और डीएसपी टू राकेश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। शव मिलने की खबर इलाके में फैल गई और देखते ही देखते आसपास के गांव और मोहल्लों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए, लेकिन शव की पहचान कोई नहीं कर सका।
शव की स्थिति अत्यंत खराब थी। शरीर का काफी हिस्सा सड़ चुका था और चमड़ा भी अलग हो चुका था, जिससे चेहरा पहचान पाना मुश्किल हो रहा था। युवक के दाहिने हाथ पर एक टैटू बना हुआ है, जिस पर “मोम, डैड” लिखा हुआ है। मृतक ने जींस की हाफ पैंट पहन रखी थी।

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, एफएसएल की टीम ने मौके से कुछ साक्ष्य एकत्र किए हैं। प्राथमिक जांच में पुलिस को आशंका है कि शव नदी के बहाव के साथ किसी अन्य स्थान से बहकर यहां आया हो सकता है। हालांकि, हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
डीएसपी टू राकेश कुमार ने बताया कि मृतक के हाथ पर ‘मोम, डैड’ लिखा टैटू मिला है। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है। आसपास के थानों से भी संपर्क किया जा रहा है ताकि लापता व्यक्तियों से जुड़े मामलों की जानकारी मिल सके और शव की पहचान की जा सके।
पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। इलाके में घटना को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है और लोग हत्या की आशंका भी जता रहे हैं। पुलिस ने अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति अपने परिचित की पहचान शव से करता है, तो तत्काल पुलिस से संपर्क करे।













