



भागलपुर। नाथनगर विधानसभा क्षेत्र के जगदीशपुर में बुधवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने चुनावी सभा को संबोधित किया। इस जनसभा में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन भी मंच पर मौजूद थे।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास की नई ऊँचाइयों को छुआ है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनवाकर करोड़ों हिंदुओं की आस्था को सम्मान दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार के सीतामढ़ी में माता सीता का मंदिर भी शीघ्र ही बनकर तैयार होगा, जिससे यह क्षेत्र धार्मिक पर्यटन का बड़ा केंद्र बनेगा।

उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि यदि बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनती है तो राज्य के विकास का नक्शा पूरी तरह बदल जाएगा। उन्होंने कहा कि उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर बदलाव देखने को मिलेगा।

मोहन यादव ने लोगों से नाथनगर विधानसभा क्षेत्र के लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रत्याशी मिथुन यादव को भारी मतों से जीत दिलाने की अपील की। सभा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे, वहीं मंच से मोदी-एनडीए जिंदाबाद के नारे लगातार गूंजते रहे।
















