



भागलपुर। नाथनगर थाना क्षेत्र के छोटी हरदासपुर गांव में सोमवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। शौच के लिए घर से निकले वृद्ध सोसो मंडल की पैर फिसलने से गहरे पानी में डूबकर मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, सोसो मंडल सुबह अपने घर से थोड़ी दूरी पर शौच के लिए गए थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वे बाढ़ के पानी में गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

बताया जाता है कि नाथनगर क्षेत्र में एक बार फिर बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है, जिससे गांवों में लोगों की परेशानी बढ़ गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया।













