


भागलपुर। नाथनगर रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब जयनगर-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन में चढ़ते समय एक यात्री के साथ पॉकेटमारी की वारदात हो गई। यह घटना मुंगेर निवासी प्रदीप कुमार के साथ घटी, जो ट्रेन पर सवार हो रहे थे।
प्रदीप कुमार जैसे ही ट्रेन में चढ़े, तभी एक युवक ने उन्हें धक्का-मुक्की शुरू कर दी और पीठ पर टंगे बैग से उनका पर्स निकाल लिया। उन्हें संदेह हुआ, तो साहस दिखाते हुए वे चलती ट्रेन से कूद पड़े और भाग रहे पॉकेटमार को दौड़ाकर पकड़ लिया। मौके पर मौजूद अन्य यात्रियों ने भी प्रदीप कुमार का सहयोग किया और आरोपी को काबू में कर लिया।
घटना की सूचना तुरंत आरपीएफ और डायल 112 को दी गई। कुछ ही देर में आरपीएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी को सौंप दिया। गिरफ्तार युवक की पहचान राघोपुर निवासी सौरव कुमार के रूप में हुई है।
जीआरपी ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी से पूछताछ जारी है। उसे जल्द ही जेल भेजा जाएगा। जीआरपी ने आरोपी को भागलपुर जीआरपी थाना में रखकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
इस साहसिक घटना के बाद यात्री प्रदीप कुमार की प्रशंसा हो रही है, जिनकी सतर्कता और साहस के कारण एक पॉकेटमार को रंगे हाथों पकड़ा जा सका।












