


भागलपुर। नाथनगर रेलवे स्टेशन के पश्चिमी छोर पर रेलवे पिलर संख्या 309/22 और 309/24 के बीच संदिग्ध अवस्था में रखे गए चार बोरे से भारी मात्रा में देशी एवं विदेशी शराब बरामद की गई है। यह कार्रवाई रेलवे लाइन पेट्रोलिंग गश्ती दल द्वारा की गई।

जानकारी के अनुसार, नियमित गश्ती के दौरान एसआई सजीव कुमार झा के नेतृत्व में आरपीएफ पोस्ट भागलपुर के संजीव कुमार-2, राजकुमार, अभिनंदन कुमार एवं प्रेमजीत कुमार रेलवे ट्रैक के किनारे गश्त कर रहे थे। इसी दौरान ट्रैक के पास रखे चार बोरे संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। जब गश्ती दल ने बोरे की जांच की तो उसमें शराब होने की पुष्टि हुई।

पुलिस टीम को देखते ही मौके पर मौजूद तस्कर अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। जांच के दौरान बोरे से 750 एमएल की विदेशी शराब की कुल 31 बोतलें बरामद की गईं, जिनमें 24 बोतल ओल्ड मंक और 7 बोतल रॉयल चैलेंज शामिल हैं। कुल मिलाकर 23,250 एमएल विदेशी शराब जब्त की गई।

इसके अलावा 18 बोतल एक-एक लीटर की पानी की बोतलों में भरी देशी शराब भी बरामद की गई है। सब इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने शराब बरामदगी की पुष्टि की है।

रेलवे पुलिस एवं आरपीएफ की इस संयुक्त कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है तथा फरार तस्कर की तलाश की जा रही है।












