



नवगछिया (भागलपुर)। नवगछिया थाना में पदस्थापित लोकल टास्क फोर्स (एलटीएफ) प्रभारी कमर आलम खान का शुक्रवार की सुबह निधन हो गया। वे 58 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की खबर से पुलिस विभाग में गहरा शोक व्याप्त है।
थाना प्रभारी रविशंकर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार की शाम कमर आलम रोज की तरह भोजन करने के बाद अपने कमरे में आराम करने चले गए थे। शुक्रवार की सुबह जब साथी कर्मी उन्हें जगाने पहुंचे, तो वे अचेत अवस्था में पाए गए। तुरंत उन्हें नवगछिया अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कमर आलम खान दरभंगा जिले के मूल निवासी थे। घटना की सूचना उनके परिजनों को दी गई, जो बाद में नवगछिया अस्पताल पहुंचे। सभी औपचारिकताओं के पश्चात पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस विभाग की ओर से नवगछिया पुलिस लाइन में उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया गया। बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी, जवान और स्थानीय लोग अंतिम संस्कार के समय उपस्थित रहे। सभी ने नम आंखों से अपने सहयोगी अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कमर आलम खान के निधन से नवगछिया पुलिस महकमे में शोक की लहर है। उनके सहकर्मियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें एक कर्तव्यनिष्ठ, विनम्र और सहयोगी अधिकारी के रूप में याद किया। पुलिस विभाग ने उनके योगदान को सराहते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।













