



नवगछिया। नवगछिया क्रिकेट लीग के दूसरे चरण का चयन शिविर तेतरी मैदान, नवगछिया में बड़े उत्साह के साथ आयोजित किया गया। शिविर का उद्घाटन नवगछिया क्रिकेट लीग बोर्ड के अध्यक्ष सरोज झा ने किया। इस अवसर पर नवगछिया क्रिकेट लीग के संयोजक घनश्याम प्रसाद, सचिव संतोष कुमार, प्रखंड संयोजक अशोक सिंह, मुकेश सिंह, सूरज लाठ, अजेय साहू, बबलू कुमार, राम लखन सहित अन्य अधिकारी और पदाधिकारी उपस्थित थे।

शिविर में नवगछिया प्रखंड और खरीक प्रखंड के कुल 75 खिलाड़ियों ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने चयन के लिए अपनी योग्यता और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। बोर्ड के संयोजक घनश्याम प्रसाद ने बताया कि अंतिम चरण का चयन शिविर 3 जनवरी को तेतरी मैदान में आयोजित किया जाएगा। इस अंतिम चरण में बिहपुर और नारायणपुर प्रखंड के पंजीकृत खिलाड़ी भाग लेंगे।

आयोजकों ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों को नवगछिया क्रिकेट लीग की मुख्य टीम में शामिल किया जाएगा और उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य क्षेत्रीय स्तर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को पहचानना और उन्हें उच्च स्तर की क्रिकेट प्रतियोगिताओं में अवसर प्रदान करना है।















