



नवगछिया । बिहार में पूर्ण मद्यनिषेध कानून के तहत अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध नवगछिया पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नवगछिया पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार के निर्देश पर गुरुवार को कदवा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी।
मिली गुप्त सूचना के आधार पर कदवा थाना की टीम ने थाना चौक मोड़ के पास वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान एक टेंपो (रजिस्ट्रेशन संख्या बीआर 10 जीए 9229) की तलाशी ली गई, जिसमें विभिन्न ब्रांड की कुल 214.825 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई।

इस मामले में वाहन चालक मो. चाँद, पिता मंजूर, निवासी वार्ड संख्या 13, भदेर, थाना कहलगांव को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से कई अन्य नंबर प्लेट और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने इस मामले में कदवा थाना कांड संख्या के तहत सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और अग्रतर कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां भेजा जाना था।

नवगछिया पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने कहा कि शराब तस्करों एवं माफिया के विरुद्ध इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।













