



नवगछिया के खिलाड़ियों ने एक बार फिर जिले का मान बढ़ाया है। आगामी 24 से 28 सितंबर 2025 तक तमिलनाडु के डिंडीगुल में आयोजित होने वाली 44वीं सब-जूनियर (बालक/बालिका) और 71वीं सीनियर राष्ट्रीय बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप (पुरुष/महिला) में भाग लेने के लिए बिहार टीम की घोषणा की गई है। इस टीम में नवगछिया बैडमिंटन संघ से पांच खिलाड़ियों का चयन हुआ है।

जिला सचिव सह प्रवक्ता ज्ञानदेव कुमार ने जानकारी दी कि हाल ही में हाजीपुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन किया गया है। चयनित खिलाड़ियों में सीनियर वर्ग से बिहपुर मध्य पंचायत के सूरज कुमार, गोपालपुर के प्रणव कुमार और नवगछिया महदत्तपुर की अभिलाषा कुमारी शामिल हैं। वहीं सब-जूनियर वर्ग से बिहपुर मध्य पंचायत निवासी साकेत कुमार और शिवम् कुमार का चयन हुआ है।
खिलाड़ियों के चयन पर पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। भागलपुर जिला खेल पदाधिकारी जयनारायण प्रसाद, संरक्षक सह बिहपुर विधायक इंजीनियर कुमार शैलेंद्र, अध्यक्ष मनोज लाल सहित खेल जगत से जुड़े विभिन्न पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी जेम्स फाइटर ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं।

खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि ये खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर न केवल बिहार, बल्कि भागलपुर और नवगछिया का नाम भी रोशन करेंगे। चयनित खिलाड़ियों को सम्मानित करने की तैयारी भी स्थानीय स्तर पर की जा रही है।
इस उपलब्धि से नवगछिया के युवाओं में खेलों के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह देखने को मिल रहा है। यह चयन न केवल खिलाड़ियों के परिश्रम और लगन का परिणाम है, बल्कि क्षेत्र में खेल प्रतिभा के विकास का प्रमाण भी है।













