



नवगछिया। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान मंगलवार को नवगछिया के 153 गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के रंगरा भवानीपुर स्थित 10 नंबर गुमटी के समीप बने मतदान केंद्र पर अचानक हंगामा शुरू हो गया। सूचना मिलते ही नवगछिया पुलिस की भारी पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित कर लिया।

कुछ ही देर में पूरा क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती के बाद माहौल सामान्य हुआ और मतदान की प्रक्रिया जारी रखी गई। प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कुछ मतदाताओं ने आरोप लगाया कि एक मतदान कर्मी किसी विशेष पार्टी के पक्ष में वोट देने की बात कह रहे थे। इस पर मतदाता आक्रोशित हो गए और महिलाओं ने इसका विरोध शुरू कर दिया। इसी दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच कहासुनी हो गई, जिससे स्थिति थोड़ी देर के लिए तनावपूर्ण हो गई।

हालांकि पुलिस के तत्पर हस्तक्षेप से मामला शांत करा दिया गया। प्रशासन ने बताया कि मतदान केंद्र पर अब पूर्ण रूप से शांति बहाल है और क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
अधिकारियों के अनुसार, स्थिति पर लगातार नजर रखी गई ताकि मतदान प्रक्रिया निर्विघ्न और निष्पक्ष रूप से पूरी हो सके।
















