3.3
(4)

नवगछिया थाना क्षेत्र के तेतरी में घटी घटना

तेतरी दुर्गा मंदिर के सामने बजरंगबली मंदिर के पीछे बगीचा में घटी घटना

नवगछिया: नवगछिया थाना क्षेत्र के तेतरी गांव में सोमवार की देर रात गोलीबारी की एक घटना में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान तेतरी पकरा दोनिया टोला निवासी साजन कुमार के रूप में हुई है, जो सुभाष राय का पुत्र था।

घटना तेतरी दुर्गा मंदिर के सामने, बजरंगबली मंदिर के पीछे स्थित बगीचे में चिमनी भट्ठा के समीप घटी। बताया जा रहा है कि वहां साजन कुमार कुछ अन्य युवकों के साथ नशापान कर रहा था। इसी दौरान आपसी विवाद में दो गोली चलाई गई, जिसमें साजन गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने उसे नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल परिसर में साजन की मां व अन्य स्वजन दहाड़ें मारकर रोते रहे।

मृतक के पिता सुभाष राय, जो टेंपो चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं, ने बताया कि उनका बेटा पिछले कुछ समय से नशे की लत का शिकार हो चुका था। वे उसे कई बार समझा चुके थे, पर वह आए दिन अलग-अलग युवकों के साथ नशा करता था। पिता ने आरोप लगाया कि कुछ युवक जबरदस्ती उसे नशे में धकेलते थे और इस लत से निकलने नहीं देते थे। सोमवार की रात भी साजन कुछ लोगों के साथ नशा कर रहा था, तभी उसे गोली मार दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही नवगछिया थाना अध्यक्ष रविशंकर दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं, अनुमंडलीय अस्पताल में नवगछिया एसडीपीओ ओमप्रकाश ने भी स्थिति की समीक्षा की और परिजनों से बातचीत की।

घटना के बाद तेतरी क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग व परिजन अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचने लगे हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इसी बीच घटना से जुड़े एक युवक को संदेह के आधार पर अस्पताल परिसर से हिरासत में लिया गया, जिस पर मृतक के परिजन टूट पड़े। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए युवक को भीड़ से सुरक्षित निकालकर हिरासत में ले लिया है।

पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और अन्य संलिप्त युवकों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मामला नशे की लत और आपसी रंजिश से जुड़ा हो सकता है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 3.3 / 5. Vote count: 4

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: