



नवगछिया अनुमंडल की ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने बिहार राज्य विद्यालय बालिका ताइक्वांडो प्रतियोगिता 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। यह प्रतियोगिता खेल विभाग, बिहार सरकार द्वारा पटना में आयोजित की गई थी।
प्रतियोगिता में भागलपुर जिले की ओर से खेलते हुए निशा कुमारी, स्वाति कुमारी, सिंपल कुमारी, सपना कुमारी (सभी उच्च विद्यालय लत्तीपाकर, गोपालपुर) और अनन्या (वात्सल्य हाई स्कूल, नवगछिया) ने अपने-अपने वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और बिहार में तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक जीता।

पदक जीतने के बाद जिला खेल पदाधिकारी जयनारायण कुमार, नवगछिया खेल संघ के अध्यक्ष रामदेव प्रसाद यादव, उपाध्यक्ष राम कुमार साहू, ताइक्वांडो जिला महासचिव घनश्याम प्रसाद, योगा संघ के अध्यक्ष आर.पी. राकेश, अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी जेम्स, कोच मोनी कुमारी, रवि रंजन, मीनाक्षी कुमारी, खेल विभाग के सतीश चंद्र और मो. नाजिम, कैरम संघ के संजय सिंह, राष्ट्रीय खिलाड़ी धर्मचंद भगत, कंचन सिंह, सरोज झा, अखिलेश पांडे और अशोक सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

विद्यालय प्रशासन और कोचिंग स्टाफ ने भी छात्राओं के इस शानदार प्रदर्शन की सराहना की। प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतने से इन खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा है और उन्होंने अपने समर्पण एवं मेहनत से साबित कर दिया कि नवगछिया के युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं।
इस उपलब्धि ने न केवल नवगछिया जिले का मान बढ़ाया है, बल्कि अन्य छात्रों और खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी है।
















