



नवगछिया : नवगछिया में बुधवार को एक ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बना जब मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से नवगछिया के लाइफ लाइन कहे जाने वाले रेलवे ओवरब्रिज का उद्घाटन किया। पुल के उद्घाटन कार्यक्रम में पुल स्थल पर नवगछिया अनुमंडल पदाधिकारी ऋतुराज प्रताप सिंह, नवगछिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओमप्रकाश के साथ-साथ पुल निगम और रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

स्थल पर उद्घाटन समारोह की शुरुआत पंडित द्वारा पूजन से हुई, इसके बाद नारियल फोड़कर पुल का विधिवत उद्घाटन किया गया और इसे जनता के उपयोग के लिए समर्पित कर दिया गया। इस ओवरब्रिज के बन जाने से नवगछिया क्षेत्र में लंबे समय से बने यातायात जाम से राहत मिलेगी और लोगों को आने-जाने में बड़ी सुविधा होगी।

स्थानीय लोगों ने बताया कि पुल का निर्माण नवगछिया की पहचान को और मजबूत करेगा और क्षेत्र में विकास की नई दिशा खोलेगा। ओवरब्रिज के संचालन से न केवल दैनिक यातायात सुगम होगा, बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी तेज होगी।
शहरवासियों और व्यापारियों ने मुख्यमंत्री एवं अधिकारियों को धन्यवाद दिया और इसे नवगछिया के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। हजारों लोगों के लिए यह ओवरब्रिज रोजमर्रा की जिंदगी को आसान बनाने के साथ क्षेत्र के विकास में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।














