


नवगछिया । बिहपुर विधायक एवं सत्तारूढ़ दल के सचेतक इ. शैलेंद्र ने गुरुवार को मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना, मुख्यमंत्री सेतु योजना और विधायक योजना के तहत लगभग 25 करोड़ रूपए की लागत से विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
इस अवसर पर जदयू नेता सत्यप्रकाश सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम, मंडल अध्यक्ष दिलीप सिंह और बाल्मीकी मंडल ने जानकारी दी कि तेलघी, उस्मानपुर, नागरटोला, खरीक बाजार 14 नंबर रोड से अंबेडकर चौक, सहनी टोला, गणेशपुर, तुलसीपुर, कालूचक, नवटोलिया, भवनपुरा सामुदायिक भवन, चोरहर और बगड़ी समेत विभिन्न गांवों में कुल 27 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया। इन योजनाओं में पक्की सड़क, दो सेतु और सामुदायिक भवन शामिल हैं।
विधायक शैलेंद्र ने बताया कि सबसे प्रमुख सड़क 14 करोड़ रूपए की लागत वाली है, जो खरीक के भवनपुरा पंचायत सहित कोसी तटवर्ती गांवों को सीधे बिहपुर प्रखंड के कोसी तटवर्ती गांव कहारपुर से जोड़ेगी। यह सड़क न केवल दो गांवों को बल्कि दो प्रखंडों को भी जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि उनका विजन “बिहपुर फर्स्ट” है, जिसे सजाने और संवारने का कार्य जनता के सहयोग से निरंतर जारी रहेगा।
उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान कोसी पार के गांव भवनपुरा समेत अन्य संबंधित गांवों में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण महिलाएं, पुरुष और युवा उपस्थित थे और उन्होंने विधायक का जोरदार अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के दौरान कई गांवों में नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। विधायक शैलेंद्र ने इस मौके पर केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी, जिनमें वृद्ध, विधवा और दिव्यांगों के लिए योजनाएं, सेविका-सहायिका, 125 यूनिट मुफ्त बिजली, स्नातक बेरोजगारों को प्रतिमाह 1,000 रुपये, उज्जवला गैस, आयुष्मान कार्ड, मुफ्त राशन, जीविका दीदी और विकास मित्रों के लिए योजनाएं शामिल हैं।
नुक्कड़ सभा के आयोजन और संचालन में दिनेश यादव, रूपेश रूप, कुमार गौरव, बाल्मीकी महतो, ब्रजेश चौधरी, राजनीति तांती, अजय उर्फ माटो, सौरव, सदानंद और सिंटू मंडल, नीलेश, अजीत चौधरी तथा मेहता सच्चिदानंद की सक्रिय भागीदारी रही।














