



नवगछिया के जीरो माइल क्षेत्र में बाइक की किश्त बकाया रहने के कारण रिकवरी एजेंटों ने मारपीट की घटना सामने आई है। इस दौरान नवगछिया थाना क्षेत्र के नोनियापट्टी निवासी पिंटू महतो, पिता घोघन महतो गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल पिंटू कुमार ने बताया कि तीन वर्ष पूर्व उन्होंने टीवीएस शोरूम से बाइक लोन पर खरीदी थी। एक किश्त का भुगतान समय पर न करने पर फाइनेंस कंपनी के चार से पांच लोग उन्हें जीरो माइल पर मिलने के लिए आए और जबरन दबाव डालना शुरू किया। कहासुनी के बाद सभी ने मिलकर पिंटू महतो पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर घायल को नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें भागलपुर अस्पताल रेफर कर दिया।
पीड़ित ने इस संबंध में नवगछिया थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है।














