


नवगछिया। गोपालपुर थाना क्षेत्र के चपरघट गांव के समीप नवगछिया से तीनटंगा जाने वाली पीडब्ल्यूडी सड़क पर शनिवार को टोटो हादसे में आठ वर्षीय बच्ची घायल हो गई। जानकारी के अनुसार बालभारती से पढ़कर लौट रहे छात्रों को ले जा रही टोटो में पीछे से आ रही एक अज्ञात टेंपू ने जोरदार धक्का मार दिया।
हादसे में सैदपुर गांव की अक्षरा कुमारी उर्फ सुहानी (8 वर्ष) टोटो से गिरकर घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल बच्ची को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोपालपुर पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। घायल बच्ची अपने ननिहाल में रह रही थी।
ग्रामीणों ने बताया कि पीछे से धक्का मारने वाला टेंपू तेज रफ्तार में था और चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में टोटो चालक लापरवाही से वाहन चलाते हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसे चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
भाजपा के वरिष्ठ नेता नितेंद्र सिंह उर्फ गुलाब सिंह और विपिन कुमार सिंह ने कहा कि अधिकतर टोटो नाबालिग चला रहे हैं। सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि हादसों पर रोक लगाने के लिए पुलिस प्रशासन को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव हो सके।












