



नवगछिया एससी-एसटी थाना कांड संख्या-41/25, रंगदारी एवं मारपीट मामले में घटना के 19 दिनों बाद भी किसी अभियुक्त पर कार्रवाई नहीं की गई है और न ही कोई अभियुक्त गिरफ्तार हुआ है। इस मामले में पीड़ित सुशील कुमार, जो मुजफ्फरपुर जिले के बोचहा थाना क्षेत्र के चम्मुख के निवासी हैं, ने 13 नवंबर को नवगछिया पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।
आवेदन में सुशील कुमार ने बताया कि वह नवगछिया लक्ष्मीपुर रोड में तीन साल से किराये के मकान में परिवार के साथ रहकर मिठाई बनाने का काम कर रहे हैं। 27 अक्टूबर 2025 को इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के कमलाकुंड निवासी रितेश यादव, मनोहर यादव, आशुतोष कुमार यादव एवं नवगछिया थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर निवासी सिप्पी यादव समेत अन्य आरोपी एक साथ उनके पास आए और जातिसूचक गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे और थप्पड़ मारने लगे।

पीड़ित की पत्नी जब बचाव के लिए आई, तो उसे भी धक्का देकर गिरा दिया गया। आरोप है कि आरोपी घर में घुसकर बेरहमी से मारपीट कर गए, जिससे पीड़ित एवं परिवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सुशील कुमार ने आरोप लगाया कि रितेश यादव हर महीने 10 हजार रुपये रंगदारी की मांग करता है और न देने पर उनके रोड पर आने-जाने पर रोक लगा देता है। वह बार-बार धमकी देता है कि अगर रंगदारी का पैसा नहीं दिया तो जान से मार डाला जाएगा।

भयभीत होकर सुशील कुमार ने नवगछिया एससी-एसटी थाना में आवेदन देकर कांड संख्या-41/25 दर्ज कराया। लेकिन केस दर्ज होने के 19 दिन बाद भी किसी अभियुक्त पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित ने पुलिस पर मामले की लीपापोती करने का आरोप भी लगाया। साथ ही नवगछिया मुख्यालय डीएसपी मनोज कुमार सुमन पर आरोप लगाया कि उन्होंने घटनास्थल से उन्हें फटकार कर भगा दिया और अभियुक्त मनोहर यादव के साथ अपने घर में चाय-नाश्ता किया।
पीड़ित ने आवेदन में मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी अभियुक्तों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।

इस बारे में मुख्यालय डीएसपी मनोज कुमार सुमन ने कहा कि आरोप गलत और झूठे हैं। जांच में दोनों पक्षों को सुना गया है। चुनाव को लेकर फिलहाल अभियुक्तों पर कार्रवाई नहीं हो पाई है, लेकिन जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
वहीं नवगछिया एसपी प्रेरणा कुमार ने बताया कि पीड़ित की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। एससी-एसटी थाना कांड संख्या-41/25 की जांच की जाएगी और अभियुक्तों पर कार्रवाई की जाएगी।















