



नवगछिया नगर परिषद के बोर्ड की बैठक शनिवार को नगर परिषद के सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सभापति प्रीति कुमारी ने की। इस दौरान नवगछिया के वर्तमान विकास कार्यों की समीक्षा की गई और भविष्य में किए जाने वाले विकास कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में जानकारी दी गई कि नगर क्षेत्र के सभी वार्डों में एक-एक हाई मास्ट लाइट लगाई जाएगी। इसके अतिरिक्त, नवगछिया के हाल ही में गठित नए वार्डों में 600 नई स्ट्रीट लाइट लगाने पर सहमति बनी। वहीं, नगर परिषद द्वारा ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए कंबल की खरीद प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाएगी, ताकि ठंड की शुरुआत होते ही जरूरतमंदों के बीच कंबलों का वितरण समय पर किया जा सके।

बैठक में छठ पर्व की तैयारियों पर भी विचार-विमर्श किया गया। साथ ही, दीपावली के अवसर पर पूरे शहर में विशेष लाइटिंग की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया, जिससे नगरवासियों को त्योहार का आनंद एक सुंदर और सुरक्षित वातावरण में मिल सके।
बैठक में सभापति प्रतिनिधि प्रेमसागर उर्फ डब्लू यादव, कार्यपालक पदाधिकारी मुकेश कुमार, पार्षद मुन्ना भगत, नागेश्वर सिंह, अनूप भगत, रवि कुमार, बलराम कुमार, अभिनंदन सिंह, कविता देवी सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।














