



नवगछिया। 16 मई 2025 को एक वादी द्वारा थाना में लिखित आवेदन दिया गया था कि उसकी पुत्री की हत्या उसके पति गौतम यादव एवं ससुराल पक्ष के लोगों ने कर दी है और शव को गायब कर दिया गया है। इस मामले में बिहपुर थाना कांड संख्या 157/25 अंतर्गत धारा 103(1)/80/238/61(2)/3(5) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
नवगछिया पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी व मानवीय अनुसंधान के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर कांड में शामिल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। इसके साथ ही अन्य वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु लगातार छापेमारी की जा रही थी।

इसी क्रम में शनिवार को पुलिस ने कांड में संलिप्त एक और आरोपी बिहपुर थाना क्षेत्र के बभनगामा निवासी अमोद यादव, पिता स्व. गोनर यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को अग्रतर कार्रवाई के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
उल्लेखनीय है कि मृतका का शव पूर्व में ही पुलिस द्वारा बरामद कर लिया गया था।














