


नवगछिया प्रखंड की प्रमुख गायत्री देवी के खिलाफ सोमवार को पंचायत समिति सदस्यों द्वारा अविश्वास प्रस्ताव दायर किया गया। इस संबंध में समिति सदस्यों ने नवगछिया प्रखंड कार्यालय पहुंचकर प्रखंड विकास पदाधिकारी गोपालकृष्णन को औपचारिक रूप से आवेदन सौंपा।
इस प्रक्रिया के दौरान गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल भी उपस्थित रहे और समिति सदस्यों के कदम का समर्थन किया। समिति सदस्यों ने आरोप लगाया कि प्रखंड प्रमुख द्वारा न तो योजनाओं की जानकारी दी जाती थी और न ही पंचायत समिति की बैठक बुलाकर पारदर्शिता के साथ निर्णय लिए जाते थे। इसके बजाय योजनाओं को एकतरफा तरीके से स्वीकृति दी जाती थी, जिससे कार्यों में भेदभाव की स्थिति बन गई थी।


समिति सदस्यों ने कहा कि प्रखंड प्रमुख की कार्यशैली लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है और जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा की जा रही है। इसी कारण उन्होंने अविश्वास प्रस्ताव लाने का निर्णय लिया है। अब आगे होने वाली समिति की बैठक में इस प्रस्ताव पर मतदान होगा, जिसके आधार पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

स्थानीय राजनीतिक हलकों में इस घटनाक्रम को लेकर हलचल तेज हो गई है और अब सभी की निगाहें आगामी बैठक और उसमें होने वाले मतदान पर टिकी हैं।














