



नवगछिया : कटिहार–बरौनी रेलखंड पर नवगछिया रेलवे स्टेशन पर जीआरपी नवगछिया और एलटीएफ कटिहार (वन) की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई है। यह कार्रवाई 24 जनवरी की संध्या लगभग 6:30 बजे की गई।
जानकारी के अनुसार, डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस के जनरल बोगी में चेकिंग के दौरान शौचालय के पास दो सफेद रंग की बोरी लावारिस हालत में पाई गई। संदेह होने पर बोरी की जांच की गई तो इसमें 750 एमएल की कुल 52 बोतल अंग्रेजी शराब मिली। कुल बरामद शराब की मात्रा 39 लीटर बताई जा रही है।

बरामद शराब को जब्त कर जीआरपी थाना नवगछिया लाया गया है। नवगछिया रेल थानाध्यक्ष अरुण कुमार चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और शराब तस्करी से जुड़े लोगों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने इस कार्रवाई को तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।














