



नवगछिया/सोनपुर। नवगछिया सहित सोनपुर रेल मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर मेगा टिकट जांच अभियान ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। वाणिज्य विभाग द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान से वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 41.08 करोड़ रुपये का रेल राजस्व अर्जित किया गया है।

29 दिसंबर 2025 को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रौशन कुमार के निर्देशन में मंडल की विभिन्न वाणिज्य टीमों ने समन्वित रूप से व्यापक टिकट जांच अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान बड़ी संख्या में बिना टिकट और अनियमित टिकट से यात्रा करने वाले यात्रियों को पकड़ा गया। सोनपुर मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं ट्रेनों में कुल 3,873 मामलों में बेटिकट और अनियमित यात्रियों को चिन्हित किया गया और इनके विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 27,55,005 रुपये का राजस्व वसूला गया। नवगछिया स्टेशन इस अभियान में प्रमुख रूप से शामिल रहा।

दिसंबर माह में रिकॉर्ड तोड़ राजस्व अर्जित हुआ है। इस महीने में लगातार सघन टिकट जांच अभियान चलाकर कुल 68,094 बेटिकट एवं अवैध यात्रियों से 4,53,61,941 रुपये का महत्वपूर्ण राजस्व प्राप्त किया गया। वहीं, चालू वित्तीय वर्ष में अब तक कुल 6,11,032 बेटिकट यात्रियों से 41,08,56,957 रुपये का रेल राजस्व अर्जित किया गया है, जो मंडल के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
रेल प्रशासन के अनुसार, यह सफलता यात्रियों में टिकट लेकर यात्रा करने की बढ़ती जागरूकता, मंडल स्तर पर सतत मॉनिटरिंग और टिकट जांच टीमों की प्रभावी कार्यशैली का परिणाम है। सोनपुर मंडल का यह अभियान न केवल राजस्व संरक्षण की दिशा में कारगर साबित हो रहा है, बल्कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षित यात्रा और सुव्यवस्थित रेल संचालन सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
मंडल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध यात्रा पर अंकुश लगाने और यात्रियों को उचित टिकट लेकर यात्रा करने के लिए प्रेरित करने हेतु ऐसे विशेष टिकट जांच अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे। सोनपुर रेल मंडल भारतीय रेल के राजस्व संवर्धन और सेवा गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए प्रतिबद्ध है।













