


भागलपुर के जोगसर थाना क्षेत्र अंतर्गत खरमनचक मोहल्ले में 28 दिसंबर की सुबह पानी की टंकी से युवक नीरज कुमार उर्फ रॉकी का शव मिलने के बाद यह मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। शुरुआत में नीरज की मौत पानी की टंकी में डूबने से होने की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, इस घटना ने नया और चौंकाने वाला मोड़ ले लिया है।
घटना के बाद से ही पुलिस हर बिंदु पर गहन जांच में जुटी हुई थी। अगले दिन घटनास्थल की जांच के लिए एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची, जहां से कई अहम साक्ष्य एकत्र किए गए। इसी बीच पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई, जिसमें नीरज की मौत को हत्या बताया गया है। इस खुलासे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत तथा सिटी डीएसपी अजय चौधरी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की बारीकी से जांच की। अधिकारियों ने घटनास्थल से जुड़े हर पहलू को गंभीरता से परखा और आसपास के हालात की भी समीक्षा की।
इस संबंध में सिटी डीएसपी अजय चौधरी ने बताया कि पुलिस टीम सभी एंगल से जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना से जुड़े हर तथ्य को जोड़ा जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
बताया जाता है कि नीरज कुमार अपने घर में अपनी वृद्ध मां के साथ अकेले रहता था, जबकि उसका भाई अमेरिका में नौकरी करता है। भाई के विदेश से लौटने के बाद करीब 48 घंटे बाद नीरज का अंतिम संस्कार किया गया। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।













