5
(1)

नवगछिया। बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन की नवगछिया शाखा की एक आम सभा स्थानीय उपाध्यक्ष विश्वनाथ यादुका के निवास पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अंग प्रदेश विनोद केजरीवाल ने की।

सभा की शुरुआत में स्वर्गीय दिनेश कुमार सर्राफ, जो नवगछिया शाखा के अध्यक्ष रहे थे, को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। विनोद केजरीवाल ने संबोधित करते हुए कहा कि सर्राफ जी अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी स्मृतियां और योगदान हमेशा हमारे साथ जीवित रहेंगे। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि संगठन को नई ऊर्जा और दिशा देने के लिए नए अध्यक्ष का चुनाव किया जाए।

आम सभा में मौजूद सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से विश्वनाथ यादुका को नवगछिया शाखा का नया अध्यक्ष चुना। चुनाव पदाधिकारी एवं क्षेत्रीय सहायक मंत्री विनय प्रकाश ने निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की। इसके साथ ही सभा में उपस्थित सभी सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट और माल्यार्पण कर नए अध्यक्ष का स्वागत किया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष विश्वनाथ यादुका ने अपने कार्यकाल (2025-2027) को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए नई टीम का गठन किया। इसमें विनोद केजरीवाल को महामंत्री तथा सुरेश कुमार हिसारिया को कोषाध्यक्ष बनाया गया। इस मौके पर विनय प्रकाश और संतोष यादुका ने अध्यक्ष विश्वनाथ यादुका और महामंत्री विनोद केजरीवाल का माल्यार्पण कर सम्मान किया।

विनोद केजरीवाल पहले से ही सम्मेलन की गतिविधियों को बढ़ाने और निरंतर कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वहीं, विश्वनाथ यादुका ने अध्यक्ष के रूप में संगठन को मजबूती देने और समाजहित में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में संतोष यादुका, मीडिया प्रभारी अशोक केडिया, मनोज यादुका, मुरारी पंसारी, विद्यासागर सर्राफ, विवेक रूंगटा, कमलेश अग्रवाल, अमित वर्मा, रचित गाड़ोदिया, शिव डोकानिया, विक्रम आनंद, नटवर यादुका, किशन यादुका, ललित यादुका, रीतेश केजरीवाल, नरसिंह चिरानिया, पवन यादुका, अरुण यादुका, कन्हैया यादुका सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित थे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: