3.8
(4)

नवगछिया : कटिहार-बरौनी रेलखंड स्थित नवगछिया रेलवे स्टेशन को अमृत भारत एक्सप्रेस का अधिकृत ठहराव मिलने से कोसी-अंग क्षेत्र के यात्रियों के लिए रेल यात्रा अब और अधिक सुविधाजनक हो गई है। रेलवे बोर्ड द्वारा जारी पत्र के अनुसार 11031/11032 पनवेल-अलीपुरद्वार अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस को स्वीकृति प्रदान की गई है, जिसमें नवगछिया स्टेशन को कमर्शियल स्टॉपेज के रूप में शामिल किया गया है।

इस नई व्यवस्था के तहत बंगाल से महाराष्ट्र तक की सीधी, तेज और आधुनिक रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध हो सकेगी, जिससे यात्रियों के समय की बचत के साथ-साथ आवागमन भी सरल होगा। रेलवे पदाधिकारियों के अनुसार ट्रेन संख्या 11031 पनवेल से अलीपुरद्वार के लिए प्रत्येक सोमवार को तथा ट्रेन संख्या 11032 अलीपुरद्वार से पनवेल के लिए प्रत्येक गुरुवार को परिचालित की जाएगी।

यह ट्रेन कल्याण, नासिक रोड, इटारसी, जबलपुर, मानिकपुर, प्रयागराज, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, हाजीपुर, हसनपुर रोड, खगड़िया, नवगछिया, कटिहार, न्यू जलपाइगुड़ी और सिलीगुड़ी होते हुए अलीपुरद्वार पहुंचेगी। इस मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों को अब एक ही ट्रेन से कई प्रमुख शहरों तक सीधी सुविधा मिल सकेगी।

नवगछिया स्टेशन को अमृत भारत एक्सप्रेस का ठहराव मिलने पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय भाजपा नेता मुकेश राणा ने इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह ठहराव क्षेत्र के विकास, रोजगार, व्यापार, शिक्षा और भविष्य में पर्यटन के विस्तार के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि इससे न केवल स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी, बल्कि नवगछिया की पहचान भी राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी।

रेलवे के इस निर्णय से कोसी-अंग क्षेत्र के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र की सामाजिक व आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 3.8 / 5. Vote count: 4

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: