


नवगछिया । पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय नगरपारा में मंगलवार को धूमधाम से पृथ्वी दिवस मनाया गया। प्रार्थना सभा के बाद पृथ्वी दिवस पर कार्यक्रम आरंभ हुआ। 22 अप्रैल को दुनिया भर में पर्यावरण संरक्षण के लिए पृथ्वी दिवस मनाया जाता है। इसकी स्थापना अमेरिकी सीनेटर जेराल्ड नेल्सन ने 1970 में एक पर्यावरण शिक्षा के रूप में की थी। अब इसे 192 से अधिक देशों में प्रति वर्ष मनाया जाता है। विद्यालय में कई शैक्षिक कार्यक्रमों के माध्यम से पृथ्वी दिवस पर जन जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। प्राचार्य रोशन लाल ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा, विश्व पृथ्वी दिवस हमारी जिम्मेदारियों की एक गंभीर याद दिलाता है।

अक्षय ऊर्जा का उपयोग करना, पेड़ लगाना और भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक बेहतर कल के निर्माण में व्यक्ति और संगठन के सहयोग और प्रयास को उत्प्रेरित करता है। पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा शिक्षक बी के गुप्ता एवं अजीत कुमार के द्वारा तैयार किया गया। उप प्राचार्य एस के चौधरी ने बताया दैनिक जीवन में हर व्यक्ति की भूमिका वास्तव में महत्वपूर्ण है। स्वैच्छिक कार्यों के माध्यम से कोई भी इस दुनिया में वास्तविक प्रभाव डाल सकता है। छात्र रचित, छात्रा स्नेहा, आकांक्षा एवं लक्ष्मी की प्रस्तुति औरों की तुलना में अव्वल रही। पृथ्वी दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर में पौधा रोपण अभियान प्राचार्य रोशन लाल की अगुवाई में शिक्षक पी पी भारती के सहयोग से किया गया। मौके पर कक्षा छठी के नामांकित छात्र-छात्राओं का परिचय उप प्राचार्य द्वारा कराया गया। सभी शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं का सहयोग सराहनीय रहा।
