



भागलपुर । पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, नगरपारा (भागलपुर) में पुस्तक प्रेमियों के लिए आयोजित भव्य पुस्तक मेले का उद्घाटन विद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार चौधरी तथा अवंति क्लासेज के एरिया मैनेजर प्रशांत ठाकुर ने किया। इस मौके पर सभी शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। समारोह के दौरान पुस्तकालय विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले एस. आर. रंगनाथन को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।

उद्घाटन के दौरान प्राचार्य संजय कुमार चौधरी ने कहा कि पुस्तकें अनमोल धरोहर हैं। वे मानव जीवन को दिशा देती हैं और हमारी सबसे अच्छी साथी बनकर ज्ञान, विज्ञान, संस्कृति और सभ्यता के संरक्षण का कार्य करती हैं। उन्होंने कहा कि व्यक्ति भले समय के साथ बदलते रहें, लेकिन उनके विचार और अनुभव पुस्तकों के माध्यम से हमेशा जीवित रहते हैं।

पुस्तक मेले में सभी आयु वर्गों और विविध विषयों की पुस्तकों का समृद्ध संग्रह प्रदर्शित किया गया। छात्रों के लिए कहानी की किताबें, विज्ञान और तकनीक आधारित पुस्तकें, ऐतिहासिक उपन्यास, परीक्षा-उन्मुख मार्गदर्शिकाएँ, मोटिवेशनल किताबें, अंतरराष्ट्रीय व्यक्तिकोश, साहित्यिक कृतियाँ, बंगला साहित्य, धार्मिक पुस्तकें तथा विषयवार हैंडबुक मेले में विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। आईआईटी, नीट, क्लेट, सीजीएल, एसएससी एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित किताबें विद्यार्थियों के बीच विशेष रूप से लोकप्रिय रहीं।
वरिष्ठ शिक्षक बी. सी. झा, अमूल्य वर्मा, रतन सिंह, सरिता वर्मा, आर. एस. राणा, उमेश कुमार, कृष्ण सरकार, ब्रजेश गुप्ता, पी. पी. भारती, नवनीत शुभम, आदित्य गौतम, प्रियंका द्विवेदी, मौशम, सानिया, आरोही, स्मृति राज सहित अन्य शिक्षक पुस्तकों का अवलोकन करते हुए चयन में व्यस्त नजर आए। इस अवसर पर 11 शिक्षकों को सम्मानस्वरूप पुस्तकें प्रदान की गईं।

विद्यालय परिसर उत्साह और उमंग से भरा हुआ था। छात्रों ने मेले में बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी रुचि और ज्ञान के अनुरूप पुस्तकों का चयन किया। संपूर्ण विद्यालय में पुस्तक मेला एक उत्सव की तरह मनाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य बच्चों में पठन-पाठन की रुचि को बढ़ावा देना है।















