5
(1)

मगध ने कोशी को 8 विकेट से हराया, लगातार दो जीत के साथ ग्रुप ‘ए’ में शीर्ष पर

भागलपुर । खेल विभाग बिहार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना और जिला प्रशासन भागलपुर के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित नौ दिवसीय राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय अंडर-19 बालक क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन मंगलवार को रोमांचक मुकाबले खेले गए। सुबह के सत्र में पहला मैच मगध और कोशी के बीच संपन्न हुआ।

कोशी की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। निर्धारित 20 ओवरों में कोशी ने 6 विकेट खोकर 140 रन बनाए। टीम की ओर से आयुष कुमार ने 23 गेंदों में 35 रन, अंकित कुमार ने 24 गेंदों में 23 रन और अमन राज ने 26 गेंदों पर 21 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में मगध के आयुष ने 3 ओवर में 36 रन देकर 2 विकेट लिए, समीर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 1 मेडन डालते हुए मात्र 18 रन देकर 1 विकेट लिया। एक विकेट प्रिंस आर्य के खाते में गया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मगध की टीम ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए 15.5 ओवर में केवल 2 विकेट खोकर 140 रन बना लिए और मैच 8 विकेट से जीत लिया। सलामी बल्लेबाज अभिषेक कुमार ने विस्फोटक अंदाज में खेलते हुए 55 गेंदों पर नाबाद 82 रन जड़े। शुरुआती दो विकेट जल्दी गिरने के बाद नवीन कुमार ने पारी संभाली और 22 गेंदों पर नाबाद 36 रन की मैच-विजयी पारी खेली। कोशी के नवीन ने गेंदबाजी में 29 रन देकर दो विकेट लिए।
इस मैच के निर्णायक आशुतोष कुमार एवं नीरज कुमार थे, जबकि स्कोरर की भूमिका रोहित और अंकित ने निभाई। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार अभिषेक राज (मगध प्रमंडल) को दिया गया।

दूसरे मैच में तिरहुत और सारण के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। तिरहुत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 154 रन बनाए। तिरहुत के आलोक कुमार ने 43 गेंदों पर 63 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि शिवम् कुमार ने 13 गेंदों पर 20 रन बनाए। गेंदबाजी में सारण के विशाल ने 29 रन देकर 2 विकेट लिए, मंजीत ने 27 रन देकर 2 विकेट प्राप्त किए। आदर्श, सुजल और शुभम ने एक-एक विकेट झटके।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी सारण की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 119 रन ही बना सकी। मंजीत कुमार ने 47 गेंदों पर 58 रनों की बहादुर पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। तिरहुत की ओर से हर्षित मिश्र ने 23 रन देकर 4 विकेट लिए, जबकि शानू कुमार ने 25 रन देकर 3 विकेट चटकाए।
इस मैच के निर्णायक अभय कुमार (भागलपुर) और राजेश कुमार (पटना) रहे। स्कोरर की भूमिका में अंकित राज मौजूद थे।

चयनकर्ता धनंजय कुमार, शैलेंद्र कुमार दीक्षित, नवीन भूषण शर्मा सहित अंपायर मनोज गुप्ता और जयंत कुमार पूरे दिन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर पैनी नजर बनाए हुए थे ताकि श्रेष्ठ टीम का चयन किया जा सके।
मैन ऑफ द मैच: आलोक कुमार (तिरहुत प्रमंडल)

ग्रुप ‘ए’ के पॉइंट्स टेबल की बात करें तो मगध अपने दोनों मैच जीतकर शीर्ष पर है। तिरहुत एक जीत के साथ दूसरे स्थान पर है। कोशी अभी तक एक मैच खेली है, जिसमें उसे मगध से हार मिली। कोशी बुधवार को सारण के खिलाफ खेलेगी। सारण अब तक दो मैच खेल चुकी है और दोनों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में सारण का नॉकआउट में पहुंचना अब लगभग असंभव माना जा रहा है।

आज के पहले मैच का शुभारंभ जिला क्रिकेट संघ भागलपुर के सचिव जयशंकर ठाकुर और संयुक्त सचिव सुबीर मुखर्जी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर संयुक्त रूप से किया। दूसरे मैच का उद्घाटन जिला कला संस्कृति पदाधिकारी अंकित कुमार और जिला खेल पदाधिकारी जयनारायण कुमार ने संयुक्त रूप से खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।

बुधवार को सुबह 8 बजे सारण बनाम कोशी का मुकाबला खेला जाएगा। वहीं दूसरा मैच मगध और तिरहुत के बीच दोपहर 12 बजे होगा।
आज के आयोजन में सचिव जिला क्रिकेट संघ जयशंकर ठाकुर, संयुक्त सचिव सुबीर मुखर्जी, शारीरिक शिक्षक नीरज राय, नवीन भूषण, आलोक कुमार, संजीव कुमार सिंह, अशोक कुमार, देवीशंकर, वरुण गंगोत्री, जयंतो राज, चंद्रभूषण कुमार, राकेश कुमार, जिला खेल कार्यालय के प्रधान लिपिक सतीश चंद्र, लिपिक मृणाल किशोर, कार्यपालक सहायक मो. अमीर खान, गृह रक्षक सुनील कुमार और सुनील कुमार शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: