


बादलों के बीच वरमाला, आधुनिक सजावट और विशेष नृत्य टीम का आकर्षण
भागलपुर।
शादी-विवाह के इस सीजन में भागलपुर में वैवाहिक आयोजनों का रूप पूरी तरह बदल गया है। अब दूल्हा-दुल्हन पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आधुनिकता का संगम पेश कर रहे हैं। विवाह समारोहों में बादलों के बीच वरमाला डालने का दृश्य खास आकर्षण बन गया है।
महानगरों की तर्ज पर अब भागलपुर में भी इवेंट कंपनियां मॉडर्न स्टाइल की शादियां आयोजित कर रही हैं। स्टेज पर वरमाला के दौरान कोल्ड फायर, पेपर ब्लास्ट और फाग मटका के जरिए ऐसा दृश्य तैयार किया जा रहा है, मानो दूल्हा-दुल्हन बादलों के बीच हों।
इवेंट आयोजकों का कहना है कि इस आधुनिक सजावट और प्रस्तुति ने शादी समारोहों को नया आयाम दिया है। लोग अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए नए ट्रेंड्स अपनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
कोल्ड फायर और पेपर ब्लास्ट का क्रेज
कपल एंट्री के लिए मिरर ग्लास पर कोल्ड पायरो और सीओ गैस के बीच डांस ग्रुप की प्रस्तुति कराई जा रही है। इस पर करीब 70 से 80 हजार रुपये तक खर्च आता है।
इवेंट संचालक लक्की मलय विपुल बताते हैं कि अब स्टेज केवल सजावट का नहीं, बल्कि आकर्षण का केंद्र बन चुका है। कोल्ड फायर से दृश्य सुंदर बनता है और आग लगने का कोई खतरा नहीं रहता। एक स्टेज पर 8 से 35 कोल्ड फायर लगाए जाते हैं, जिनकी कीमत 100 से 350 रुपये प्रति पीस तक होती है।
पेपर ब्लास्ट से उड़ते रंग-बिरंगे कागज समारोह को और भव्य बना देते हैं। एक स्टेज पर लगभग छह पेपर ब्लास्ट का उपयोग किया जाता है, जिनकी कीमत 200 से 300 रुपये तक है।
‘फाग मटका’ बना खास आकर्षण
सबसे आकर्षक तत्व ‘फाग मटका’ है, जिसमें दूल्हा-दुल्हन को बादलों के बीच दिखाया जाता है। इसकी कीमत करीब 1500 रुपये प्रति मटका होती है और एक स्टेज पर लगभग छह मटके लगाए जाते हैं।
दुल्हन को स्टेज तक लाने में नृत्य टीम की भूमिका
विवाह भवन संचालक शंकर पटेल के अनुसार अब दुल्हन को स्टेज तक लाने का कार्य विशेष नृत्य टीम करती है। बंगाल से आए कलाकार फिल्मी धुनों और धार्मिक थीम—जैसे गंगा आरती, राधा-कृष्ण लीला और आदिशक्ति की झांकी—पर नृत्य करते हैं। इनके बीच दुल्हन की एंट्री दर्शकों के लिए यादगार बन जाती है।















