



नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत एनएच-31 पर लगातार हो रहे सड़क हादसों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। तेज रफ्तार वाहनों, लापरवाही, और कमजोर यातायात व्यवस्था के कारण सड़कों पर जानलेवा हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।
गौरतलब है कि नवगछिया में यातायात थाना कार्यरत है, बावजूद इसके एनएच-31 पर यातायात पुलिस और स्थानीय थाना की तैनाती के रहते भी बस, ट्रक, पिकअप, हाइवा और दोपहिया वाहनों के चालक खुलेआम यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। नतीजतन, हर दिन कहीं न कहीं किसी थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में लोग जान गंवा रहे हैं या जीवन भर के लिए अपंग हो जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यातायात पुलिस और थाना पुलिस की निष्क्रियता के कारण नवगछिया की सड़कों ने ‘खूनी सड़क’ का रूप ले लिया है। हादसों पर अंकुश लगाने के लिए वरीय अधिकारियों को संज्ञान लेते हुए सख्त कार्रवाई करने की आवश्यकता है।

ताजा मामला: बाइक सवार की जुगाड़ वाहन से टक्कर, हालत नाजुक
बुधवार को झंडापुर थाना क्षेत्र के मरवा पेट्रोल पंप के समीप एनएच-31 पर तेज रफ्तार में ओवरटेक करने के दौरान एक बाइक सवार की टक्कर सामने से आ रही जुगाड़ वाहन से हो गई। इस हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही झंडापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए बिहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया।

घायल युवक की पहचान भवानीपुर थाना क्षेत्र के मधुरापुर बाजार वार्ड संख्या 7 निवासी धर्मवीर कुमार (उम्र 20 वर्ष), पिता रामदेव यादव के रूप में हुई है। युवक की पहचान उसके पास मिले मोबाइल के आधार पर की गई।
धर्मवीर की मां रिंकू देवी ने बताया कि बुधवार को घर में सत्यनारायण भगवान की पूजा का आयोजन था। धर्मवीर अपनी मौसी को लाने नवटोलिया (झंडापुर) जा रहा था, तभी मरवा के पास हादसे का शिकार हो गया।
धर्मवीर की हालत गंभीर बनी हुई है। सिर के अलावा पेट, कमर और हाथ-पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। मायागंज अस्पताल में उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है और वह जिंदगी व मौत के बीच जूझ रहा है।
इस संबंध में झंडापुर थानाध्यक्ष पुनि विश्वबंधु कुमार ने बताया कि बाइक सवार के घायल होने की सूचना मिली है और उसका इलाज मायागंज अस्पताल में चल रहा है। फिलहाल किसी प्रकार का आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।













