



नवगछिया, भागलपुर। बिहपुर विधानसभा के भाजपा विधायक और सत्तारूढ़ दल के सचेतक, इ. कुमार शैलेंद्र ने राज्य के कानून मंत्री मंगल पांडेय को एक पत्र सौंपा है, जिसमें उन्होंने नवगछिया बार एसोसिएशन के लिए सरकारी भूमि का बंदोबस्त कराने की मांग की है। पत्र में विधायक ने 12 जुलाई को बार एसोसिएशन, नवगछिया द्वारा भेजे गए पत्रांक-10 का उल्लेख करते हुए कहा कि नवगछिया में बार एसोसिएशन का भवन और कई अधिवक्ताओं के अस्थाई चेंबर बिहार सरकार की भूमि पर स्थित हैं।
विधायक ने कहा कि इस संबंध में कई बार जिला अधिकारी (डीएम) और अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) से अनुरोध किया गया है, लेकिन आज तक उक्त भूमि की बंदोबस्ती बार एसोसिएशन के नाम से नहीं की गई है। हालांकि, उच्च न्यायालय, पटना के जांचकर्त्ता न्यायाधीश का आश्वासन और भागलपुर डीएम के निर्देश भी इस मामले में दिए गए थे, फिर भी यह मामला लंबित पड़ा हुआ है।
इ. कुमार शैलेंद्र ने मंत्री मंगल पांडेय से आग्रह किया है कि वे इस मामले का संज्ञान लेकर डीएम और एसडीओ को आवश्यक निर्देश दें, ताकि भूमि की बंदोबस्ती बार एसोसिएशन के नाम की जा सके और अधिवक्ताओं की समस्याओं का समाधान हो सके।

12 जुलाई को बार एसोसिएशन, नवगछिया के अध्यक्ष सुरेंद्र नारायण मिश्रा और महासचिव अजीत कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने विधायक शैलेंद्र से मिलकर एक ज्ञापन सौंपा था। अधिवक्ताओं का कहना है कि इस मामले में कोई प्रगति रिपोर्ट नहीं मिल रही है और चूंकि भूमि बार एसोसिएशन के नाम नहीं की गई है, इसलिए हजारों अधिवक्ताओं को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
अधिवक्ता यह भी अनुरोध कर रहे हैं कि बिहार सरकार की भूमि को बार एसोसिएशन, नवगछिया के नाम पर कर दिया जाए, ताकि उन्हें न्यायपूर्ण अधिकार प्राप्त हो सके और उनकी समस्याओं का समाधान हो सके।














