



भागलपुर । बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी के कार्यालय कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में निर्वाचन के दौरान फोर्स डिप्लॉयमेंट की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत, नगर पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार सहित जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक मौजूद रहे। नवगछिया के पुलिस अधीक्षक ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि फोर्स डिप्लॉयमेंट की योजना शीघ्र तैयार कर ली जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ और मतदान केंद्र भवन के अनुसार बल की तैनाती की विस्तृत कार्य योजना तैयार की जाए। यदि किसी भवन में एक मतदान केंद्र है तो वहां 1-4 की संख्या में बल रहेगा। दो मतदान केंद्र वाले भवन में 1-6 की तैनाती होगी, जबकि तीन मतदान केंद्र वाले भवन में 2-8 की तैनाती की व्यवस्था की जाएगी।

उन्होंने निर्देश दिया कि वल्नरेबल (संवेदनशील) बूथों की सूची में उन्हें स्टार मार्क कर दिया जाए ताकि वहां केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की तैनाती सुनिश्चित की जा सके। इसके अतिरिक्त, होमगार्ड के जवानों की भी उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।
जिला पुलिस बल को विधि-व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण, वाहन कोषांग, कंट्रोल रूम, कैंडिडेट के बॉडीगार्ड, क्विक रेस्पॉन्स टीम (QRT) और थाना स्तर की जिम्मेदारियों में लगाया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि फोर्स डिप्लॉयमेंट की पूरी कार्य योजना समय पर तैयार कर ली जाए ताकि चुनाव प्रक्रिया में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
बैठक में सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे और आगामी विधानसभा चुनाव को सफल, शांतिपूर्ण और पारदर्शी बनाने के लिए समन्वित रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
















