



भागलपुर के पीरपैंती प्रखंड में नीति आयोग की टीम ने विभिन्न विभागों और सरकारी योजनाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्रीय प्रभारी अधिकारी, भागलपुर एवं वित्त मंत्रालय के सह-डायरेक्टर प्रवीण रंजन ने प्रखंड कार्यालय पहुंचकर प्रखंड स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की।

समीक्षा के दौरान प्रखंड कार्यालय परिसर में पौधा रोपण भी किया गया। निरीक्षण के क्रम में अधिकारी प्रखंड कार्यालय से शेरमारी हाई स्कूल पहुंचे, जहाँ प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी बालदेव ठाकुर, शिक्षक ओम यादव, संजय कुमार सहित अन्य शिक्षकों के साथ शिक्षा व्यवस्था, विद्यालय संचालन और शैक्षणिक गतिविधियों को लेकर संवाद किया।
इसके बाद टीम पीरपैंती रेफरल अस्पताल पहुंची, जहाँ स्वास्थ्य सेवाओं, उपलब्ध संसाधनों और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया गया। बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक प्रणब कुमार से सुझाव और राय ली गई।

इसके पश्चात अधिकारी सीमानपुर पहुंचे, जहाँ मृदा स्वास्थ्य कार्ड आधारित प्रत्यक्षण के तहत किसानों से मुलाकात की गई और योजनाओं के लाभ तथा उनकी उपयोगिता के बारे में जानकारी प्राप्त की गई। वहीं, सीमानपुर में स्वयं सहायता समूह से जुड़ी जीविका दीदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और चुनौतियों को समझा गया।

निरीक्षण के दौरान विभिन्न योजनाओं की प्रगति और जमीनी हकीकत का भी आकलन किया गया। इस अवसर पर बीडीओ अभिमन्यु कुमार, सीओ चंद्रशेखर कुमार, बीपीआरओ कामेश्वर नारायण सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।













