


भागलपुर जिला परिषद अध्यक्ष विपिन कुमार मंडल ने बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के सचिव को ज्ञापन सौंपकर नवगछिया में स्थायी आर्ट एंड कल्चर प्लेटफॉर्म या क्लस्टर तथा कला एवं संस्कृति प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की मांग की है।
ज्ञापन में उन्होंने उल्लेख किया है कि भागलपुर जिले के गंगा और कोसी नदी के बीच स्थित दियारा क्षेत्र, विशेषकर नवगछिया और इसके आसपास के ग्रामीण इलाकों में बच्चों और युवाओं में कला एवं संस्कृति के प्रति गहरी रुचि तथा उल्लेखनीय प्रतिभा मौजूद है। इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में ऐसे बच्चे और युवा हैं, जो चित्रकला, लोककला, संगीत, नृत्य, नाटक सहित विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं से जुड़ना चाहते हैं, लेकिन उन्हें अब तक उपयुक्त मंच, प्रशिक्षण और मार्गदर्शन उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कला एवं संस्कृति से संबंधित अधिकांश गतिविधियां और प्रशिक्षण सुविधाएं भागलपुर जैसे बड़े शहरों तक ही सीमित हैं। इसके कारण नवगछिया और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली बच्चे और युवा इन अवसरों से वंचित रह जाते हैं।
विपिन कुमार मंडल ने यह भी कहा कि यदि नवगछिया में स्थायी आर्ट एंड कल्चर प्लेटफॉर्म और प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना होती है, तो इससे न केवल बच्चों और युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा का समुचित विकास होगा, बल्कि वे कला और संस्कृति के क्षेत्र में अपना भविष्य संवारते हुए आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी आगे बढ़ सकेंगे।
उन्होंने सरकार से इस मांग पर गंभीरता से विचार करने और शीघ्र आवश्यक पहल करने का आग्रह किया है, ताकि नवगछिया सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की सांस्कृतिक प्रतिभाओं को उचित पहचान और अवसर मिल सके।














