



नवगछिया : रंगरा के मो राकिब के पुत्र मो जाहिद ऑनलाइन ठगों के शिकार हो गए। आरोप है कि साइबर ठगों ने लिंक भेजकर उनके बैंक खाते से 59,999 रुपये अवैध रूप से निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर नवगछिया साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

पीड़ित मो जाहिद ने बताया कि 9 जनवरी की सुबह करीब 10:26 बजे उनके मोबाइल नंबर पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को किसी ऑनलाइन कंपनी से जोड़कर बताया और ऑर्डर से संबंधित जानकारी देने की बात कही। ठग ने एक लिंक भेजा और कहा कि उस पर क्लिक करते ही प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।

मो जाहिद के अनुसार जैसे ही उन्होंने लिंक पर क्लिक किया, उनका मोबाइल हैंग हो गया और कुछ ही देर में उनके बैंक खाते से 59,999 रुपये की अवैध निकासी हो गई। ठगी का एहसास होते ही पीड़ित ने तुरंत अपने बैंक को सूचना दी और फिर नवगछिया साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर ठगों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी और आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और ऑनलाइन लेन-देन में सतर्क रहें।












