



नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत पकरा (पुरानी विषहरी स्थान) में नवनिर्मित बाबा पकरेश्वर नाथ महादेव, मैया पार्वती एवं संकट मोचन मंदिर का निर्माण कार्य ग्राम पंचायत पकरा के समस्त ग्रामीणों के सहयोग से सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। मंदिर निर्माण पूर्ण होने के उपरांत शिलान्यास एवं प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन भव्य एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ किया जा रहा है।

इस पावन अवसर पर सरल संत श्री श्री 108 नारायण दास जी महाराज (राधे-राधे) के कर-कमलों द्वारा सभी धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जाएंगे। आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम के तहत 7 फरवरी 2026 से 15 फरवरी 2026 तक प्रतिदिन शिव कथा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं को भगवान शिव की महिमा, कथा और आध्यात्मिक संदेशों से लाभान्वित होने का अवसर मिलेगा।
वहीं 15 फरवरी 2026, रविवार को प्रातः 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक बाबा पकरेश्वर नाथ महादेव, मैया पार्वती एवं संकट मोचन की विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, हवन, पूजन और विशेष आरती का आयोजन किया जाएगा।

मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर पकरा गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं के बीच विशेष उत्साह देखा जा रहा है। ग्रामीणों द्वारा मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र को सजाया जा रहा है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
आयोजन समिति एवं समस्त पकरा ग्रामवासियों ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से इस धार्मिक अनुष्ठान में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है। ग्रामीणों का कहना है कि यह मंदिर न केवल आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि सामाजिक एकता और धार्मिक चेतना को भी सुदृढ़ करेगा ।
















