



नवगछिया के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के कमलाकुंड गांव में मंगलवार की अहले सुबह करीब 3 बजे पारिवारिक तनाव से तंग आकर एक 20 वर्षीय युवक ने अपनी जान दे दी। मृतक की पहचान कमलाकुंड निवासी दिवाकर यादव के पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है।

सूचना मिलते ही इस्माइलपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।
सूत्रों के अनुसार, मृतक प्रिंस कुमार बनारसी लाल सर्राफ कॉलेज, नवगछिया में बी.ए. पार्ट-2 का छात्र था। करीब एक वर्ष पहले वह भागलपुर में रहकर पढ़ाई की तैयारी कर रहा था। तीन दिन पहले ही वह घर लौटा था और मानसिक रूप से तनाव में दिखाई दे रहा था।

बताया जा रहा है कि प्रिंस ने अपने माता-पिता से रुपये की मांग की थी। रुपये नहीं मिलने के कारण उसने गुस्से व निराशा में ही जान दे दी।
प्रिंस अपने दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। उसकी असमय मृत्यु से पूरे परिवार में मातम पसर गया है। मां पूनम देवी, भाई सुमित और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस्माइलपुर थानाध्यक्ष पुअनि धीरज कुमार ने बताया कि युवक ने पारिवारिक तनाव में जान दी है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक के पिता दिवाकर यादव के बयान पर यूडी केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।













