



भागलपुर। तातारपुर थाना क्षेत्र के रामसर चौक पर रविवार को पारिवारिक विवाद के कारण एक चाय विक्रेता और उसकी मां के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। घटना में दोनों घायल हो गए हैं और उन्हें इलाज के लिए मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
पीड़ित चाय विक्रेता सागर कुमार यादव ने बताया कि रविवार की सुबह उनके चाचा शशि यादव अचानक उनकी चाय की दुकान पर आए और बिना किसी कारण के उनके साथ मारपीट करने लगे। जब सागर ने अपनी मां बिंदु देवी को बुलाया और वह मौके पर पहुंचीं, तो चाचा ने उनके साथ भी हाथापाई शुरू कर दी।

सागर कुमार यादव और उनकी मां बिंदु देवी को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की स्थिति को सामान्य बताया है।
घटना के संबंध में पीड़ित परिवार ने तातारपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों पर कानूनन कार्रवाई की जाएगी।













