



नवगछिया पुलिस जिला के खरीक थाना पुलिस ने पशु तस्करी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 14 बैल, 6 गाय तथा एक मालवाहक ट्रक भी जब्त किया है।
घटना 21 जून 2025 की है जब खरीक थाना को सूचना मिली कि एनएच-31 स्थित आयशर पेट्रोल पंप के पास एक छोटा मालवाहक ट्रक (पंजीकरण संख्या: बीआर 11 एल 7775) खड़ा है, जिसमें अवैध तरीके से मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए खरीक थाना की टीम मौके पर पहुंची और तलाशी के दौरान ट्रक से 14 बैल और 6 गाय बरामद की गईं, जिन्हें क्रूरतापूर्वक बांधकर रखा गया था।

पुलिस ने वाहन में सवार तीन पशु तस्करों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में खगड़िया जिले के चौथम थाना क्षेत्र के नौरंगा निवासी संजय कुमार (पिता: विशुनदेव प्रसाद साह), कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के उत्तरी सिमरिया निवासी मो. बजीर अली (पिता: मो. अरशद अली) और उमर फारूक (पिता: शमशेर अली) शामिल हैं।
इस संबंध में खरीक थाना में कांड संख्या 200/25 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 11 (पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960) और धारा 303 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।













