



नवगछिया । भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नारायणपुर पेट्रोल पंप के समीप एनएच 31 पर बुधवार संध्या करीब 7 बजे बाइक सवार युवक सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक में टकरा गया। घटना इतनी जबरदस्त थी कि घटनास्थल पर ही बाइक सवार युवक की मौत हो गई।

सूचना मिलते ही भवानीपुर पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर इलाज के लिए पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। मृतक के मोबाइल से पहचान हुई। जिसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी गयी। मृतक खरीक थाना क्षेत्र के चोरहर ग्राम निवासी जय किशोर साह का इकलौता पुत्र सुमित कुमार साह उम्र 30 वर्ष बताया गया।

जानकारी के अनुसार, युवक अपनी पत्नी काजल कुमारी को खगरिया जिला के चौथम थाना क्षेत्र के करूआ मोड़, नवटोलिया ससुराल छोड़ने गया था। मृतक का साला संतोष कुमार ने बताया कि काफी रोकने का प्रयास किया गया लेकिन नहीं माने। वह अकेले घर के लिए निकल पड़ा। मृतक गांव में ही कोचिंग के साथ-साथ किराना दुकान भी चलाता था। 2021 में उसकी शादी करूआ मोड़, नवटोलिया के स्व नंदकिशोर साह की पुत्री काजल के साथ हुई थी।

उसे कोई संतान नहीं था। मृतक एक भाई व दो बहन में बड़ा था। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। भवानीपुर थानाध्यक्ष शंभु कुमार ने बताया की सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई है। अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के परीजन की ओर से कोई आवेंदन प्राप्त नही हुआ है, आवेंदन मिलने पर जांचोपरांत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













