



भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र के पीरपैंती बाजार स्थित नदी किनारे सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना हुई, जहां मछली पकड़ने गए एक मछुआरे की हार्ट अटैक से मौत हो गई। मृतक की पहचान पीरपैंती बाजार निवासी स्वर्गीय नबी मियां के पुत्र मो. रज्जाक मियां के रूप में हुई है। घटना की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार मो. रज्जाक मियां रोज की तरह सुबह अपने साथी मो. शाहिद के साथ नदी किनारे पहुंचे थे। दोनों मछली पकड़ने के लिए जाल बिछाने की तैयारी कर रहे थे। तभी अचानक रज्जाक मियां की तबीयत बिगड़ने लगी। उनके साथी शाहिद ने बताया कि जैसे ही रज्जाक मियां पानी में उतरे, वे अचानक अजीब हरकतें करने लगे और कुछ ही क्षणों में पानी में गिर पड़े। यह देखकर आसपास मौजूद मछुआरों ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला।
स्थानीय लोगों की मदद से रज्जाक मियां को पीरपैंती रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉ. जीतू कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार प्रारंभिक अनुमान में मौत का कारण हार्ट अटैक प्रतीत हो रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पीरपैंती थाना पुलिस की टीम एसआई संगम कुमारी के नेतृत्व में अस्पताल पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की। इस दौरान मृतक के पुत्र मो. नाजिर ने पुलिस को लिखित रूप से सूचित किया कि परिवार पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहता। लिखित सहमति मिलने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
अचानक हुई इस दुर्घटना से पूरे पीरपैंती बाजार में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रज्जाक मियां को मेहनती और शांत स्वभाव वाला व्यक्ति बताया। उनकी आकस्मिक मृत्यु से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में गहरा दुख व्याप्त है।














