



भागलपुर के पीरपैंती प्रखंड में राष्ट्रीय जनता दल की समानांतर कमिटी द्वारा सामाजिक न्याय पर आधारित परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समानांतर कमिटी के अध्यक्ष अशोक कुमार यादव ने की, जबकि मंच संचालन विष्णु दयाल यादव ने किया।
इस कार्यक्रम में वे पुराने पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए जिन्हें वर्तमान संगठन द्वारा दरकिनार कर दिया गया है। इनमें पूर्व प्रखंड अध्यक्ष दीपनारायण यादव, जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रणव कुमार उर्फ पप्पू यादव, पैक्स अध्यक्ष मुख्तार आलम, अध्यक्ष अशोक कुमार यादव, अजय कुमार मधुकर, शिवकुमार यादव सहित दर्जनों पुराने कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर वर्तमान संगठन की कार्यशैली पर नाराज़गी जताई। शिव जी यादव ने पूर्व विधायक रामविलास पासवान और वर्तमान प्रखंड अध्यक्ष पर संगठन को कमजोर करने का आरोप लगाया और मांग की कि इस बार पार्टी किसी युवा और योग्य प्रत्याशी को चुनाव में टिकट दे।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक न्याय केवल एक नारा नहीं, बल्कि राजद की राजनीतिक चेतना और संघर्ष का मूल आधार है। यह कार्यक्रम औपचारिकता नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव की दिशा में एक सार्थक प्रयास है।
जिप उपाध्यक्ष प्रणव कुमार उर्फ पप्पू यादव ने कहा कि राजद ही एकमात्र ऐसा दल है जो गरीबों, पिछड़ों और वंचितों की सच्ची चिंता करता है। उन्होंने युवाओं की बड़ी भागीदारी को बदलाव की लहर का संकेत बताया।
पैक्स अध्यक्ष मुख्तार आलम ने कहा कि सामाजिक न्याय की बात भाषणों में नहीं, बल्कि जमीन पर दिखनी चाहिए। पंचायत से संसद तक हमें इस लड़ाई को मजबूती से लड़ना होगा।
राजद के वरिष्ठ नेता अजय कुमार मधुकर और अमृत कुमार ने आरोप लगाया कि वर्तमान प्रखंड अध्यक्ष छुपकर पद हासिल कर संगठन को कमजोर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजद ने हमेशा वंचित, पिछड़े और अल्पसंख्यक समाज की आवाज को बुलंद किया है।

कार्यक्रम के अंत में समानांतर कमिटी ने संकल्प लिया कि संगठन को बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक मज़बूत किया जाएगा और 2025 में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए पूरी ताक़त झोंक दी जाएगी।













