



भागलपुर: जिले के तीन प्रखंडों—गोराडीह, गोपालपुर और नारायणपुर—में मंगलवार से प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय परिसरों की साफ-सफाई का कार्य जीविका दीदियों द्वारा शुरू कर दिया गया है। गोपालपुर में तीन तथा गोराडीह और नारायणपुर में दो-दो जीविका दीदियों को फिलहाल सफाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यह पहल बिहार सरकार के हालिया निर्णय के आलोक में की जा रही है, जिसके तहत प्रखंड और अंचल कार्यालयों की सफाई का कार्य अब जीविका दीदियों को सौंपा जा रहा है। इस फैसले से कार्यालय परिसरों को साफ-सुथरा रखने में सहायता तो मिलेगी ही, साथ ही बड़ी संख्या में महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार भी मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने स्थानीय स्तर पर रोजगार की मांग रखी थी। सरकार ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर तैयार किए हैं।

जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक सुनिर्मल गरेन ने बताया कि वर्तमान में जिले के सदर अस्पताल, नवगछिया और कहलगांव अनुमंडल अस्पताल, अनुसूचित जाति-जनजाति आवासीय विद्यालयों में जीविका दीदियाँ सफाई कार्य में संलग्न हैं, जिससे 97 दीदियों को रोज़गार मिला है।
अब जिले के सभी 16 प्रखंड-सह-अंचल कार्यालयों में सफाई कार्य शुरू किए जाने से अनुमानित 80 और जीविका दीदियों को रोजगार मिलने की संभावना है। इससे न केवल स्थानीय स्तर पर महिला समूहों को आय का स्रोत मिलेगा, बल्कि संकुल स्तरीय संघों की आमदनी में भी वृद्धि होगी।













