



भागलपुर। मायागंज अस्पताल से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मुंगेर जिले के असरगंज थाना क्षेत्र के बिशनपुर निवासी बीबी कौशल की हत्या उसके ही दामाद आफताब ने कर दी। घटना उस समय हुई जब बीबी कौशल रात में घर के बाहर सोई हुई थीं।

परिजनों के अनुसार, अचानक अंधेरे में आफताब वहां पहुंचा और सोई हुई सास पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बीबी कौशल को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल लाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बताया जाता है कि आफताब की शादी शबनम से करीब 5 साल पहले हुई थी और दोनों का एक बच्चा भी है। लेकिन आपसी विवाद के कारण लगभग एक साल पहले दोनों का तलाक हो गया। तलाक के बाद शबनम ने दूसरी शादी कर ली, जो आफताब को नागवार गुज़री। करीब तीन महीने पहले उसने शबनम से फिर साथ रहने की इच्छा जताई थी, लेकिन शबनम ने मना कर दिया। इसके बाद से ही आफताब लगातार विवाद करने लगा और परिवार को जान से मारने की धमकी देता रहा। आखिरकार गुरुवार की रात उसने अपनी ही पूर्व पत्नी की मां पर हमला बोल दिया।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में छापेमारी तेज कर दी गई है।













