



श्रावणी मेला के छठे दिन भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित अजगैबीनाथ धाम में एक अनोखी आस्था और श्रद्धा देखने को मिली। नेपाल से आई महिला कांवरिया सूनिता देवी ने अपने पुत्र और पुत्री के डॉक्टर बनने की खुशी में कांवरियों की सुविधा के लिए कांवरिया पथ पर सवा किलोमीटर तक कॉरपेट बिछवाया।

सूनिता देवी नेपाल की निवासी हैं और वर्तमान में सरकारी नर्स के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि उनके बेटे डॉ. प्रशांत यादव और बेटी डॉ. सुष्मिता यादव अमेरिका के हॉकिंग जोन्स में डॉक्टर के पद पर कार्यरत हैं। उनके इस सपने के साकार होने पर उन्होंने बाबा अजगैबीनाथ से मन्नत मानी थी कि यदि उनके बच्चे डॉक्टर बन गए तो कांवरिया पथ पर सेवा करेंगी।
अपनी इसी मन्नत को पूरा करने के उद्देश्य से उन्होंने श्रावणी मेले में कांवरियों की सुविधा के लिए सवा किलोमीटर लंबा कॉरपेट बिछवाया, जिससे भक्तों को गर्म और उबड़-खाबड़ रास्ते पर चलने में सुविधा मिल सके।
इस अवसर पर कई कांवरिए उपस्थित रहे और सूनिता देवी के इस योगदान की सराहना की।













