



नवगछिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वर्गीय माता के प्रति अपमानजनक शब्दों के प्रयोग को लेकर रविवार को बिहपुर विधानसभा महिला भाजपा मोर्चा द्वारा बिहपुर रेलवे गोलंबर पर राहुल गांधी और तेजस्वी यादव का पुतला दहन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा विधायक सह सत्तारूढ़ दल के सचेतक इंजीनियर शैलेंद्र ने किया, जबकि संचालन महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष काजल कुमारी ने किया।

इस दौरान बेहलर विस के पूर्व प्रत्याशी सह कार्यक्रम प्रभारी मनोज यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष मुक्तिनाथ सिंह निषाद, भाजयुमो जिलाध्यक्ष कुणाल गुप्ता समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।
पुतला दहन से पूर्व बिहपुर एनडीए कार्यालय में आयोजित बैठक में नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की वोटर गुमराह यात्रा अब मर्यादा की सीमाएं लांघ चुकी है। उनके मंच से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वर्गीय माता के लिए जिस अभद्र और घृणित भाषा का इस्तेमाल किया गया, वह भारतीय राजनीति के इतिहास में शायद ही कभी सुना गया होगा। नेताओं ने कहा कि पीएम की माता का अपमान, पूरे 140 करोड़ भारतीयों का अपमान है। विपक्ष की हताशा इतनी बढ़ चुकी है कि वे एक महान नेता की माता को भी अपमानित करने पर उतारू हो गए हैं। यह न केवल निंदनीय है बल्कि विपक्ष की राजनीति में गिरावट की पराकाष्ठा को दर्शाता है।
नेताओं ने कहा कि राहुल और तेजस्वी भले ही हजार बार माफी मांग लें, लेकिन बिहार की जनता इस कलंक को इतनी आसानी से नहीं भूलेगी। इसे बेहद शर्मनाक बताया गया।

पुतला दहन के बाद एनडीए कार्यालय से बिहपुर बाजार तक काली पट्टी बांध कर मौन आक्रोश मार्च भी निकाला गया। कार्यक्रम में प्रो. गौतम, दिनेश यादव, कुमार गौरव, रूपेश रूप, रंजीत गुप्ता, बाल्मीकि मंडल, ब्रजेश शर्मा नागर, दिलीप सिंह, ब्रजेश चौधरी, दिलीप महतो सहित पूरे बिहपुर, नारायणपुर और खरीक प्रखंड के विभिन्न गांवों से आई बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं।













