



भागलपुर । खेल विभाग, बिहार सरकार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के वार्षिक खेल कार्यक्रम 2025 के तहत भागलपुर को राज्यस्तरीय अंतर-प्रमंडलीय अंडर-19 बालक क्रिकेट प्रतियोगिता की मेजबानी सौंपी गई है। जिला प्रशासन भागलपुर द्वारा यह प्रतियोगिता 17 नवंबर से 26 नवंबर तक सैंडिस कंपाउंड स्टेडियम में आयोजित की जाएगी।
प्रतियोगिता के सुचारू संचालन के लिए जिला पदाधिकारी, भागलपुर द्वारा विभिन्न उप-समितियों का गठन किया गया है। प्रतियोगिता का उद्घाटन 17 नवंबर 2025 को सुबह 11:30 बजे सैंडिस कंपाउंड क्रिकेट स्टेडियम में होगा।

आयोजन को लेकर तैयारियों को तेजी से अंतिम रूप दिया जा रहा है। खिलाड़ियों के लिए बेहतर खेल मैदान उपलब्ध कराने हेतु पिछले पाँच दिनों से मैदान की ग्रास कटिंग का कार्य चल रहा है। सभी मैच टर्फ विकेट पर खेले जाएंगे, जिसके लिए दो नए टर्फ विकेट तैयार किए जा रहे हैं ताकि प्रतियोगिता के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। पूर्व में बने टर्फ विकेट पर लगी बरमूडा घास की क्रॉप कटिंग कर पिच रोलर से रोलिंग की जा रही है।
मैदान एवं टर्फ विकेट तैयार करने में अनुभवी पिच क्यूरेटर और उच्च विद्यालय सन्हौला के शारीरिक शिक्षक देवी शंकर, जिला क्रिकेट संघ के सुबीर मुखर्जी (उर्फ मामू), नवीन भूषण शर्मा, आलोक कुमार और जयंत राज महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। जिला खेल पदाधिकारी स्वयं टर्फ विकेट की तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। मैदान के दोनों ओर 40 फीट लंबी और 15 फीट ऊँची साइड स्क्रीन भी तैयार की जा रही है।
प्रतियोगिता में राज्य के सभी जिलों से चयनित खिलाड़ी भाग लेंगे। जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के बाद प्रमंडलीय स्तर पर चुने गए खिलाड़ियों को राज्यस्तरीय मुकाबलों के लिए चयनित किया गया है। भागलपुर सहित राज्य के सभी नौ प्रमंडलों — पटना, मगध, तिरहुत, सारण, दरभंगा, कोसी, मुंगेर एवं पूर्णिया — से प्रति प्रमंडल 16 खिलाड़ी और एक टीम मैनेजर प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
प्रतियोगिता लीग-कम-नॉकआउट पद्धति पर खेली जाएगी। प्रतिदिन दो मैच आयोजित होंगे — पहला सुबह के सत्र में तथा दूसरा दोपहर में। सभी मैच आईसीसी के नियमों के अनुसार कराए जाएंगे। ग्रुप स्टेज 17 से 24 नवंबर तक चलेगा, सेमीफाइनल 25 नवंबर को तथा फाइनल 26 नवंबर को खेला जाएगा। ग्रुप और सेमीफाइनल मैच 20-20 ओवर के होंगे, जबकि फाइनल मैच 25 ओवर का होगा।

जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार के नेतृत्व में आयोजन की सभी तैयारियाँ तेजी से पूरी की जा रही हैं। आयोजन को सफल बनाने में भागलपुर जिला क्रिकेट संघ का विशेष सहयोग मिल रहा है। संघ के सदस्य और जिला खेल कार्यालय के सभी कर्मचारी— सतीश चंद्र, मृणाल किशोर, मोहम्मद आमिर, जयंत राज, संजीव कुमार, चंद्रभूषण कुमार, मिथिलेश कुमार, राकेश कुमार मंडल, अरुण कुमार सहित कई शारीरिक शिक्षक — दिन-रात तैयारी में जुटे हुए हैं।
















